नरसिंहपुर अपडेट: राज्य स्तरीय व्हॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, कलेक्टर का औचक निरीक्षण, सुरक्षा जवान भर्ती शिविर और नवोदय विद्यालय प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ!”

 

नरसिंहपुर  / 14 अक्टूबर  2025

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से हो रहा राज्य स्तरीय व्हालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

नरसिंहपुर, 13 अक्टूबर 2025. प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री  उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से जिले के गाडरवारा स्थित रूद्र कॉलेज मैदान में 19 वर्षीय आयु के बालक/ बालिका वर्ग में 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को किया गया। इस राज्य स्तरीय व्हालीबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश के रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर, इंदौर संभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग की बालक/ बालिका वर्ग की टीमें और उनके कोच के साथ सहभागिता कर रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष  अनीता ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष गाडरवारा  शिवाकांत मिश्रा, पूर्व विधायक श्रीमती साधना स्थापक व  नरेश पाठक, पूर्व नपा अध्यक्ष ममता पांडे, सीईओ जिला पंचायत  गजेन्द्र सिंह, एसडीएम  कलावती ब्यारे, तहसीलदार प्रियंका नेताम, श्री मिनेन्द्र डागा, जिला शिक्षा अधिकारी  संदीप नेमा, राजेंद्र साहू, मोहरकांत पटैल, राव संदीप सिंह, चंद्रकांत शर्मा, अनूप जैन, ठा. भूपेंद्र सिंह, घनश्याम राजपूत, विकास जैन, सुरेश श्रीवास्तव, आनंद दुबे, शुभम राजपूत, रीतेश राय, पूजा तिवारी, राधावल्लभ काबरा, गोविंद अग्रवाल, गोविंद वर्मा, लखन पटेल, मनोज राय, प्रवेश राय, विमल राजपूत, सहायक संचालक श्रीमती नीलम मरावी, सुश्री सीमा डोंगरे, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुज जैन, डीपीसी मनीष चौकसे, प्राचार्य प्रतुल इंदुरख्या, एसके मिश्रा, सुनीता पटेल, लेखा कौरव, सुशील शर्मा, बीआरसी डीके पटैल, संदीप स्थापक, सहित गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी, संभागों की टीमें और उनके कोच मौजूद थे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष  शिवाकांत मिश्रा ने ध्वजारोहण करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ करने की घोषणा की। काबरा स्कूल व दलों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय कन्या उमा विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना नृत्य, शासकीय हाईस्कूल सीरेगांव के विद्यार्थियों ने कालबेलिया नृत्य एवं अनुसूचित जाति छात्रावास के विद्यार्थियों ने क्रीड़ा आधारित नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।

नगर पालिका अध्यक्ष  मिश्रा ने कहा कि पिछले वर्ष गाडरवारा नगर में राज्य एवं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य सफल आयोजन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से हुआ था। इस वर्ष भी नगर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जो प्रसन्नता का विषय है। पूर्व विधायक श्रीमती साधना स्थापक ने कहा कि खेल प्रतियोगिता में अनुशासन एवं खेल भावना का होना बेहद जरुरी है, यही गुण खेल एवं खिलाड़ियों को बेहतर बनाते हैं। पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक ने कहा कि सभी खिलाड़ी अपने खेल का बेहतर प्रदर्शन कर अपनी टीम को जिताएं कार्यक्रम को मिनेन्द्र डागा ने कहा कि खेल में हार जीत लगी रहती है, लेकिन सभी खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ यह खेल खेलें। इस अवसर पर खिलाड़ियों को शपथ भी दिलाई गई। प्रतिवेदन का वाचन डीईओ श्री नेमा ने किया। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री व  मनीष शंकर तिवारी और आभार प्रदर्शन जिला क्रीड़ा अधिकारी  अनुज जैन ने किया।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉 कलेक्टर ने किया रामनिवारी, बगासपुर, श्रीनगर, इमलिया- कमती और सूरवारी ग्रामों का औचक निरीक्षण

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोटेगांव, शासकीय स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्र, सहकारी समितियों और उचित मूल्य दुकानों आदि का औचक निरीक्षण किया

नरसिंहपुर, 13 अक्टूबर 2025. कलेक्टर  रजनी सिंह ने सोमवार को जनपद पंचायत गोटेगांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामनिवारी, बगासपुर, श्रीनगर, इमलिया- कमती और सूरवारी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक शाला, आंगनबाड़ी केन्द्र, शासकीय हाईस्कूल, आदिम जाति सहकारी समिति मर्यादित, शासकीय उचित मूल्य दुकान, सेवा सहकारी समिति मर्यादित इमलिया, शासकीय उचित मूल्य दुकान और बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी औचक निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने ग्राम रामनिवारी में शासकीय प्राथमिक शाला व आंगनबाड़ी और शासकीय हाई स्कूल बगासपुर का निरीक्षण किया

कलेक्टर  रजनी सिंह ने ग्राम रामनिवारी में शासकीय प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षा स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों को समय पर पोषणयुक्त भोजन प्रदान करने और निर्धारित समय पर आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केन्द्र में पानी का भराव होने की समस्या बताए जाने पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम बगासपुर में निरीक्षण के दौरान शासकीय हाई स्कूल बगासपुर पहुंची। यहां उन्होंने कक्षा 10 वीं में विद्यार्थियों से त्रिकोणमिति से संबंधित प्रश्न पूछे। कलेक्टर ने शिक्षकों को इंग्लिश के टर्म्स का उपयोग करने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में पढ़ाई में इनका उपयोग हो सके। इस दौरान प्रयोगशाला को व्यवस्थित रखने एवं उसके उपयोग करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किया सहकारी समितियों का निरीक्षण

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान आदिम जाति सहकारी समिति मर्यादित श्रीनगर, सेवा सहकारी समिति मर्यादित इमलिया व बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति सूरवारी का निरीक्षण किया। उन्होंने भावांतर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक सोयाबीन उत्पादक किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां सोयाबीन फसल के गिरदावरी रकबे के अनुसार पंजीयन करने, किसानों का पंजीयन बढ़ाने और इस योजना का व्यापक प्रचार- प्रसार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देशित किया कि पटवारी द्वारा की गई गिरदावरी के सत्यापन के लिए खसरों का निरीक्षण किया जाए।

कलेक्टर ने किया शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण

कलेक्टर  रजनी सिंह ने शासकीय उचित मूल्य दुकान इमलिया- कमती के भ्रमण दौरान ऑनलाइन और आफलाइन स्टॉक में अंतर पाए जाने पर सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमती में खाद्यान्न वितरण से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर डीएसओ को जांच करने के निर्देश दिए। शासकीय उचित मूल्य दुकान श्रीनगर में निरीक्षण के दौरान स्टॉक एवं स्टॉक पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि पिछले 3 माह से जो व्यक्ति खाद्यान्न प्राप्त नहीं कर रहे हैं, उनको चिन्हित कर जांच की जावे। केंद्र पर स्टॉक का रखरखाव सही नहीं पाए जाने पर सुधार करने के निर्देश दिए। शासकीय उचित मूल्य दुकान सूरवारी में खाद्यान्न भंडारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भ्रमण के दौरान कुछ किसानों ने सोयाबीन फसल खराब होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को फसल बीमा की राशि दिलाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोटेगांव का निरीक्षण

कलेक्टर  रजनी सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोटेगांव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की जानकारी ली। कलेक्टर को अवगत कराया गया अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र द्वारा रविवार और सोमवार को 148 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई है। कलेक्टर ने यहां ओपीडी, उमंग स्वास्थ्य केन्द्र, टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केन्द्र, एक्स- रे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सिकल सेल की पहचान के लिए अधिक से अधिक संख्या में व्यक्तियों के सेंपल लेकर टेस्ट किए जाएं। इस दौरान बीएमओ को एम्बुलेंस 108 को शीघ्र दुरूस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुरानी बिल्डिंग को डिस्मेंटल करने के भी निर्देश दिए। स्टॉक रूम के निरीक्षण के दौरान ऑफलाइन एवं ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी ली और इसका अवलोकन किया।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉   सुरक्षा जवान/ सुपरवाईजर के पदों पर भर्ती के लिए विकासखंड स्तर पर लगाए जाएंगे पंजीयन शिविर

विकासखंड स्तर पर 14 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक लगाए जाएंगे शिविर

नरसिंहपुर, 13 अक्टूबर 2025. सुरक्षा जवान/ सुपरवाइजर के पदों पर भर्ती के लिए जिले में विकासखंड स्तरीय पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ये पंजीयन शिविर 14 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2025 तक प्रात: 10.30 बजे से सायं 4.30 बजे तक लगाए जाएंगे। सुरक्षा जवान के 500 पदों की भर्ती के लिए आवेदक की आयु 19 से 45 वर्ष, योग्यता 5 वीं से स्नातक, ऊंचाई 165 सेमी., चेस्ट 80-85 एवं वजन 50 किलाग्राम होना आवश्यक है।

जिला रोजगार अधिकारी नरसिंहपुर ने बताया कि 14 अक्टूबर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करेली, 15 अक्टूबर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चीचली, 16 अक्टूबर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सांईखेड़ा, 27 अक्टूबर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोटेगांव, 28 अक्टूबर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चांवरपाठा और 29 अक्टूबर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नरसिंहपुर में शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने ने समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी से कहा कि वे अपने विकासखण्ड स्तर पर तिथि अनुसार जनपद पंचायत भवन में रोजगार पंजीयन शिविर/ प्लेस्मेंट ड्राइव के लिए प्रचार- प्रसार कर आवश्यक सहयोग करें।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉  कक्षा 9 वीं और कक्षा 11 वीं में प्रवेश के लिए 21 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

नरसिंहपुर, 13 अक्टूबर 2025. पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहानी के प्राचार्य ने बताया कि पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहानी में कक्षा 9 वीं और कक्षा 11 वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2025 नियत की गई है। उन्होंने बताया कि कक्षा 8 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी कक्षा 9 वीं में प्रवेश लेने के लिए नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://cbseitms.nic.in/2025/nvsix_9 और कक्षा 10 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी कक्षा 11 वीं में प्रवेश लेने के लिए नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://cbseitms.nic.in/2025/nvsix_11 पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!