नरसिंहपुर। 23 अक्टूबर 2026 रानी पिपरिया निवासी अभिषेक लोधी के साथ कथित मारपीट के मामले में नया अपडेट सामने आया है। जिला अस्पताल नरसिंहपुर में भर्ती अभिषेक को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक की आंख में भी गंभीर चोट आई है, जिसके चलते अब उसकी आंख के कॉर्निया का उपचार चित्रकूट नेत्र चिकित्सालय में कराया जाएगा। वहीं, जबलपुर मेडिकल में उसकी अन्य सर्जरी किए जाने की बात परिजनों ने बताई है।
जबलपुर मेडिकल किया गया रेफर
अभिषेक के मामा ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को पोलखोल न्यूज़ को जानकारी देते हुए बताया कि अभिषेक को जिला अस्पताल नरसिंहपुर से जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया गया है। इसके बाद शुक्रवार, 23 अक्टूबर को उन्होंने ताजा अपडेट देते हुए बताया कि अभिषेक की आंख में भी गंभीर चोट है। आंख के कॉर्निया के उपचार के लिए उसे चित्रकूट नेत्र चिकित्सालय ले जाया जाएगा, जबकि अन्य सर्जरी जबलपुर मेडिकल में होंगी।
अभिषेक के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आने के बाद से ही परिजन उसके उपचार और न्याय की मांग कर रहे हैं। अब आंख में गंभीर चोट की जानकारी सामने आने से मामले को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
पुलिस ने कही धाराएं बढ़ाकर सख्त कार्रवाई की बात
मामले को लेकर स्टेशन थाना प्रभारी सौरभ पटेल का कहना है कि प्रकरण में धाराएं बढ़ाकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
जांच और उपचार पर टिकी नजरें
अभिषेक के उपचार के साथ-साथ अब इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर भी सभी की नजरें हैं। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाना जरूरी है, ताकि मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सके और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पोलखोल न्यूज़ अपडेट: जबलपुर रेफर अभिषेक लोधी की आंख में गंभीर चोट, कॉर्निया के उपचार और सर्जरी की तैयारी। पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








