नरसिंहपुर। 11 नवंबर 2026 सालीचौका क्षेत्र के ग्राम पचामा में कथित तौर पर धारदार हथियार लहराकर ग्रामीणों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आ रही है, जिसने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सालीचौका पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम पचामा में कुछ लोगों पर शराब के नशे में गांव में हंगामा करने और तलवार, फरसा जैसे धारदार हथियार हवा में लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटनाक्रम के चलते गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
महिलाओं और बच्चों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो रहा है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर सालीचौका पुलिस चौकी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है? क्या गांव के लोगों को भयमुक्त माहौल मिल पाएगा?
फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और पक्ष सामने आना बाकी है। पोलखोल न्यूज़ इस मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष भी सामने आने पर प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।








