नरसिंहपुर। 13 नवंबर 2026 जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी बंधा में घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में एक परिवार ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई एवं न्याय की मांग की है।
शिकायतकर्ता राजेन्द्र पाठक, उनकी पत्नी ममता बाई पाठक एवं पुत्र मनोज पाठक ने शिकायत में गांव के ही संतराम ठाकुर, नैतिक ठाकुर एवं संतराम ठाकुर की पत्नी पर घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने तथा गांव से भगाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
आवेदन में शिकायतकर्ताओं ने बताया कि दोनों परिवार एक ही गांव के निवासी हैं और पिछले 3-4 वर्षों से उन्हें लगातार परेशान एवं प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में मनोज पाठक के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट एवं मारपीट से संबंधित प्रकरण दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त इस शिकायत पर पुलिस प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं।
नोट: समाचार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है।
आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि एवं दूसरे पक्ष का बयान प्राप्त होना शेष है।








