*आपातकाल में बढ़ती परेशानी, 3 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने उठाई आवाज!*

नरसिंहपुर ! 26 अगस्त 2026
गाडरवारा। तहसील गाडरवारा अंतर्गत ग्राम पंचायत भूमिया ढाना के ग्राम घघरोला खुर्द के ग्रामीणों ने गांव से घघरोला कला तक करीब 3 किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर नरसिंहपुर के नाम आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि पक्की सड़क नहीं होने के कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आपातकालीन परिस्थितियों में समस्या और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार घघरोला खुर्द में आज दिनांक तक पक्की सड़क सहित कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।

गांव से घघरोला कला की दूरी लगभग 3 किलोमीटर है, लेकिन सड़क कच्ची होने के कारण बारिश के मौसम में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में स्वयं के साधनों से मरीजों को ले जाना पड़ता है।

सड़क की खराब स्थिति के कारण एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की पहुंच भी प्रभावित होती है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पुलिस सुविधा, श्मशान घाट, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी कमी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम सरपंच, सचिव सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से सड़क निर्माण के लिए निवेदन किया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदय से मांग की है कि घघरोला खुर्द से घघरोला कला तक लगभग 3 किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता से स्वीकृत कर शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी राहत मिल सके।

आवेदन में गंगाराम नौरिया सहित ग्राम घघरोला खुर्द के समस्त ग्रामवासियों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!