*तरवर उर्फ बड्डू हत्याकांड का खुलासा: पूर्व नियोजित तरीके से करंट लगाने का आरोप, 9 गिरफ्तार!*

नरसिंहपुर। 23 सितंबर 2026। जिले के पलोहा थाना क्षेत्र में दर्ज गुमशुदगी के मामले का पुलिस ने हत्या के प्रकरण के रूप में खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, गुमशुदा तरवर उर्फ बड्डू गुर्जर की कथित रूप से पूर्व नियोजित तरीके से करंट लगाकर हत्या की गई और बाद में शव को नर्मदा नदी में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम खकरिया निवासी लाखन सिंह गुर्जर ने 16 सितंबर को थाना पलोहा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 28 वर्षीय पुत्र तरवर उर्फ बड्डू 14 सितंबर की रात ग्राम गुज्जरखेड़ा गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसकी मोटरसाइकिल पावर हाउस के पास भटेरा में लावारिस हालत में मिली थी। मामले में धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने गुमशुदा की तलाश के साथ संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तरवर उर्फ बड्डू का ग्राम भटेरा में आना-जाना था और घटना वाले दिन उसे सुरेन्द्र जाटव के साथ देखा गया था। पुलिस के अनुसार, सुरेन्द्र जाटव से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने और घटना को अंजाम देने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खेत में बिजली का तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित किया। 14 सितंबर की रात तरवर के वहां पहुंचने पर उसे करंट लगने से मौत होने की बात जांच में सामने आई है। इसके बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से अन्य आरोपियों के साथ मिलकर एनटीपीसी घाट, नर्मदा नदी में फेंकने की बात भी पुलिस ने बताई है।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नर्मदा नदी में शव की तलाश की, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, शव की तलाश लगातार जारी है।

मामले में पुलिस ने सुरेन्द्र जाटव, लखन उर्फ भुज्जू जाटव, हेमराज उर्फ हिम्मू जाटव, बाबूलाल जाटव, भगवत जाटव, कमलेश उर्फ कम्मू जाटव, पूरन जाटव, राजेन्द्र जाटव और लक्ष्मण जाटव, सभी निवासी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा को गिरफ्तार किया है।

 

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कथित घटना में प्रयुक्त बिजली का तार, गुमशुदा का गमछा, हाथ में पहनने का कड़ा और मोटरसाइकिल की चाबी बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस ने प्रकरण में धारा 103(1), 238(2) और 61(2) बीएनएस का इजाफा किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में पलोहा, तेंदूखेड़ा थाना पुलिस तथा साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

*90 दिन बाद फिर शुरू हुआ ‘वन टू वन पोलखोल स्टूडियो’ – रेलवे ठेकेदार पर 1.32 लाख रुपये से अधिक भुगतान न करने का आरोप, राधेश्याम पटैल ने लगाई गुहार, देखिए विशेष एपिसोड “पैसा नहीं दे रहा ठेकेदार प्रशांत!*

error: Content is protected !!