*जगदम्बा कॉलोनी का पहुंच मार्ग अतिक्रमण की चपेट में, सड़क चौड़ीकरण की मांग; एम्बुलेंस-फायर ब्रिगेड की आवाजाही पर भी सवाल!*

नरसिंहपुर। 23 सितम्बर 2026 जगदम्बा कॉलोनी, मुशरान वार्ड कंदेली के रहवासियों ने कॉलोनी के पहुंच मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर सड़क चौड़ीकरण कराने की मांग को लेकर कलेक्टर के समक्ष जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया है। रहवासियों का कहना है कि सांकल रोड से जगदम्बा कॉलोनी तक पहुंचने वाला मार्ग वर्तमान में बेहद संकीर्ण है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी तक पहुंचने के लिए सांकल रोड से लगे शासकीय रकबे के खसरा नंबर 77 में से मार्ग है। आरोप है कि मार्ग के आसपास कुछ लोगों द्वारा आवंटित पट्टा क्षेत्र से अधिक भूमि पर अतिक्रमण किए जाने के कारण रास्ता और अधिक संकरा हो गया है। स्थिति यह है कि मार्ग पर दो चार पहिया वाहनों का एक साथ निकलना भी मुश्किल बताया गया है।

रहवासियों ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया कि मार्ग की संकीर्णता के कारण आपात स्थिति में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे वाहनों के कॉलोनी तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में उन्होंने जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ीकरण कराने की मांग की है।

इसके अलावा रहवासियों का कहना है कि सीवर लाइन कंपनी द्वारा पहुंच मार्ग पर कई चेंबर बनाए जाने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। वर्तमान में मार्ग की स्थिति आवागमन के लिए खराब बताई गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

आवेदन के अनुसार, कॉलोनीवासियों द्वारा इस समस्या को लेकर कई वर्षों से मौखिक एवं लिखित रूप से संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है। वहीं, 20 जनवरी 2026 को मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नरसिंहपुर को भी लिखित आवेदन दिया गया था। रहवासियों का आरोप है कि समय बीतने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

अब कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि मौके की जांच कराकर शासकीय भूमि की सीमांकन कार्रवाई कराई जाए, यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा जगदम्बा कॉलोनी के पहुंच मार्ग का आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!