नरसिंहपुर। 25 जून 2026 मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल, संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन तथा राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय से संबद्ध ग्वालियर के सहयोग से एमआईएमटी कॉलेज नरसिंहपुर एवं रंगसरोकार नाट्य समिति द्वारा आयोजित एक माह की पूर्णतः निशुल्क प्रस्तुति परक अभिनय नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ आज एमआईएमटी कॉलेज परिसर में किया जाएगा।
रंगसरोकार के सदस्य संजय लुरेले द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 23 जून से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला में जिले के युवा कलाकारों को अभिनय एवं रंगमंच की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यशाला के दौरान मंचीय प्रस्तुति, संवाद अदायगी, शरीर संचालन, भावाभिव्यक्ति, थिएटर गेम्स तथा नाट्य प्रशिक्षण के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला का संचालन मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय के प्रशिक्षित रंगकर्मी वरुण शर्मा एवं गीतिका देवदास द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों द्वारा नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यशाला का उद्घाटन सत्र एमआईएमटी के चेयरमैन इंजीनियर रूद्रेश तिवारी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। कार्यशाला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र में रंगमंचीय गतिविधियों को बढ़ावा देना है। कार्यशाला के निदेशक ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।








