नरसिंहपुर/ गाडरवारा/नरसिंहपुर। 25 जून 2026 जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार विधान कौरव (19 वर्ष), पिता वीरेंद्र सिंह कौरव, निवासी बम्हौरी खेड़ा, बरांझ, चौकी सिहोरा, थाना गाडरवारा, बुधवार 24 जून की शाम करीब 6:30 बजे बुधवार बाजार सब्जी लेने गए थे।
बताया जा रहा है कि बाजार से लौटने के दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के समय युवक अकेला था। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल नरसिंहपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। एक बार फिर सड़क हादसे ने एक नवयुवक की जिंदगी छीन ली और परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








