*जिला चिकित्सालय में नई व्यवस्था: 29 जून से गेटपास के जरिए ही होगी मरीजों से मुलाकात!*

नरसिंहपुर। 25 जून 2026  जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा तथा अस्पताल की गुणवत्ता सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 29 जून 2026, सोमवार से नई गेटपास व्यवस्था लागू की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत भर्ती प्रत्येक मरीज के परिजनों को एक गेटपास प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे निर्धारित समय पर मरीज से मुलाकात कर सकेंगे।

सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सालय के कायाकल्प, एनक्यूएएस, लक्ष्य, मुस्कान एवं इंफेक्शन प्रिवेंशन से जुड़े गुणवत्ता मानकों के अनुरूप यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। नई व्यवस्था के अनुसार मरीजों से मिलने का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित किया गया है।

अस्पताल प्रशासन का मानना है कि गेटपास व्यवस्था लागू होने से भर्ती मरीजों को पर्याप्त आराम मिल सकेगा, जिससे उनकी बीमारी से शीघ्र रिकवरी में सहायता मिलेगी। साथ ही अस्पताल में अनावश्यक भीड़ कम होने से संक्रमण फैलने की आशंका भी घटेगी और अन्य मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

प्रशासन ने आमजन से नई व्यवस्था का पालन करने और अस्पताल प्रबंधन को सहयोग देने की अपील की है, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!