नरसिंहपुर ! गोटेगांव। 25 जून 2026 कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के सहयोग से जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोटेगांव तहसील के खैरी क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 7000 घनमीटर रेत जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 23 जून 2026 को विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान खैरी में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से भंडारित रेत लावारिस अवस्था में पाई गई, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा ग्राम साकल में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक बिना नंबर का ट्रैक्टर भी पकड़ा गया। संबंधित वाहन को जब्त कर थाना ठेमी की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन में जिलेभर में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में आगे भी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन और रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।








