*नरसिंहपुर में नेमा समाज ने मनाई श्री निमि जी महाराज की जयंती, सुंदरकांड-भजन संध्या और गरबा उत्सव का हुआ आयोजन!*

नरसिंहपुर। 28 अक्टूबर 2026 नेमा समाज द्वारा समाज के प्रवर्तक आदिदेव श्री निमि जी महाराज की पावन जन्मजयंती के अवसर पर स्थानीय बालाजी मंदिर, पुलिस लाइन की मढ़िया परिसर में भव्य एवं दिव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, स्वजातीय बंधुओं,

मातृशक्ति और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के अध्यक्ष एडवोकेट रामगोपाल नेमा एवं वरिष्ठजनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्री निमि जी महाराज एवं भगवान बालाजी का पूजन-अर्चन किया गया।

इसके पश्चात नेमा मानस मंडल द्वारा संगीतमय सुंदरकांड, हनुमान चालीसा पाठ और सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। धार्मिक वातावरण के बीच महाआरती संपन्न हुई। इसके बाद उपस्थित समाजजनों एवं मातृशक्ति ने सामूहिक गरबा नृत्य कर उत्सव को उल्लासमय बना दिया।
समाज के भवन निर्माण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान नेमा समाज के महासचिव विनीत नेमा ने पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत करते हुए आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने समाज के स्वयं के भवन निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने का सामूहिक संकल्प दिलाया। उन्होंने भवन निर्माण की आवश्यक प्रक्रिया से समाजजनों को अवगत कराया और सर्वसम्मति से व्यापक कार्ययोजना तैयार कर सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

विनीत नेमा ने बताया कि भवन निर्माण की प्रक्रिया को गति देने के लिए विषय विशेषज्ञों की एक संचालन समिति का गठन जल्द ही सर्वसम्मति से किया जाएगा। इस समिति के माध्यम से भवन निर्माण की योजना को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

समाज की मजबूती के लिए एकजुटता पर जोर

समाज के उपाध्यक्ष अशोक नेमा ‘अस्सू’ ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का कुशल प्रबंधन करते हुए समाजजनों से आह्वान किया कि समाज की मजबूती के लिए सभी को तन-मन-धन से समर्पित भाव के साथ सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक कार्य में अधिक से अधिक सहभागिता और आपसी एकजुटता से ही सामूहिक उद्देश्यों को पूरा किया जा सकता है।

समाजजनों की रही बड़ी भागीदारी
समस्त कार्यक्रम का संचालन सहसचिव आशीष नेमा ‘तुलसी’ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के संयोजक पुरुष वर्ग से मुकेश नेमा ‘बालाजी’ (खुरपे वाले) तथा महिला वर्ग से श्रीमती दीपा सृजन नेमा रहीं।

आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अंत में तसमई-खीर एवं प्रसादी का वितरण किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में समाज के ज्येष्ठ-श्रेष्ठजनों, स्वजातीय बंधुओं, मातृशक्ति और युवाजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और समाज के स्वयं के भवन निर्माण के संकल्प को नई दिशा देने का संदेश दिया गया।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

*ब्रेकिंग -पोलखोल: मेन रोड पर मकान की तीसरी मंजिल में लगी आग! 30 मिनट देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड? प्रत्यक्षदर्शियों ने पानी लीकेज का भी लगाया आरोप, घरवालों ने खुद बुझाई आग, मेन रोड पर लगा जाम पूरी खबर पोलखोल!*

error: Content is protected !!