नरसिंहपुर/गोटेगांव, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए
शासकीय सांदीपनि विद्यालय, गोटेगांव में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल मुख्य अतिथि तथा गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय की जीवनशैली है।
वहीं जिला मुख्यालय नरसिंहपुर के नरसिंह मंदिर प्रांगण में प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसके बाद प्रशिक्षकों द्वारा योग की चालन क्रियाएं, विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर मंत्री उदय प्रताप सिंह एवं कलेक्टर रजनी सिंह ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह नागेश, अभिलाष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ, निरोग और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया।








