नरसिंहपुर, 21 जून। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नरसिंहपुर पुलिस ने होटल, ढाबों एवं अन्य ठहराव स्थलों पर विशेष सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर के लगभग 65 होटल एवं ढाबों की सघन जांच की गई। वहीं शराब सेवन को बढ़ावा देने वाले 10 होटल-ढाबा संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले 70 लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने होटल एवं ढाबों की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। इस दौरान संचालकों को आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
इन ढाबा संचालकों पर हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कोतवाली क्षेत्र के शिवाजी ढाबा, वीरजी ढाबा और हरियाणा ढाबा, करेली के हरिओम ढाबा और शाहपुर ढाबा, स्टेशनगंज के श्याम राय ढाबा और निक्की ढाबा, गोटेगांव के ठाकुर ढाबा, तथा तेन्दूखेड़ा के जलसा ढाबा और तड़का ढाबा संचालकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
70 लोगों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं होटल-ढाबों पर शराब पीते मिले 70 व्यक्तियों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें गाडरवारा में 11, चीचली में 2, तेन्दूखेड़ा में 9, सुआतला में 11, कोतवाली में 8, स्टेशनगंज में 6, करेली में 6 तथा गोटेगांव में 17 लोगों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें।








