नरसिंहपुर, 25 अक्टूबर 2026। जिला मुख्यालय नरसिंहपुर में कांग्रेस सांसद एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक कल्याण काले ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाताओं के अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस का पक्ष रखा।
कल्याण काले ने कहा कि कांग्रेस द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को देशभर में बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसी अभियान के तहत 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करने की घोषणा की गई है।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल ने मतदाता सूची में हुए बदलावों की पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम प्रक्रियागत त्रुटियों के कारण मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में चौपाल, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से मतदाता सूची की जांच की जाएगी। मतदाताओं की शिकायतें एकत्रित कर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष उठाई जाएंगी।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची की विश्वसनीयता, पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की मांग भी रखी।
प्रेस वार्ता में विधायक नारायण पट्टा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति, पूर्व विधायक सुनील जायसवाल, संजय शर्मा, विनय सक्सेना सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देखिए, ‘पोल खोल’ की इस खास रिपोर्ट में- कांग्रेस सांसद कल्याण काले ने SIR, मतदाता सूची और दिल्ली में प्रस्तावित महारैली को लेकर क्या कहा।








