*मृत्यु भोज नहीं, वृक्षारोपण बना सच्ची श्रद्धांजलि! सिलावट समाज की प्रेरणादायी पहल!*

नरसिंहपुर  !  27  जून 2026  तिंदनी। ग्राम तिंदनी निवासी समाजसेवी स्व. श्री मोतीलाल गिगोलिया के निधन के उपरांत उनके परिवार ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए पारंपरिक मृत्यु भोज आयोजित करने के बजाय वृक्षारोपण का निर्णय लिया। परिवार ने उनकी स्मृति में छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

स्व. मोतीलाल गिगोलिया समाज में मिलनसार, सरल स्वभाव एवं प्रकृति प्रेमी के रूप में जाने जाते थे। उनके पुत्र महेंद्र गिगोलिया (मोती), शिक्षक एवं कवि ने बताया कि उनके पिता हमेशा पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करते थे। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए परिवार ने उनकी स्मृति में पौधारोपण किया और संकल्प लिया कि इन पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करेंगे। उनका मानना है कि प्रकृति का संरक्षण ही अपने प्रियजनों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस पहल की समाज सहित क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे प्रयास समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और आने वाली पीढ़ियों को सकारात्मक संदेश देते हैं।

सिलावट समाज संगठन लंबे समय से सादगीपूर्ण एवं पर्यावरण हितैषी परंपराओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास करता रहा है। इसी विचार का समर्थन करते हुए गिगोलिया परिवार ने अंतिम संस्कार के बाद कोई सामूहिक भोज आयोजित नहीं किया तथा भविष्य में भी ऐसे अवसरों पर वृक्षारोपण और सामाजिक उपयोग के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

“एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ पिता के नाम” अभियान के संदेश के साथ परिवार ने सभी लोगों से अपील की कि अपने प्रियजनों की स्मृति में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनका संरक्षण करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सके। :::

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!