नरसिंहपुर। 27 जून 2026 शहर के चौहान अस्पताल रोड पर शनिवार शाम करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार, जनपद पंचायत रोड से नगरपालिका रोड के बीच सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे में कथित तौर पर करंट फैलने से वहां से गुजर रहा एक खच्चर उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से खच्चर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बाद में नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से मृत खच्चर को मौके से हटाया, जिसके बाद रास्ता सामान्य हो सका।
फिलहाल, करंट फैलने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








