*नरसिंहपुर: मणिनागेंद्र सिंह आयरन ब्रिज का लोकार्पण, हजारों लोगों को मिलेगा आवागमन में लाभ!*

नरसिंहपुर। 28 जून 2026 शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार, 28 जून को कचहरी वाले बाबा स्थित गणेश मंदिर रोड पर निर्मित मणिनागेंद्र सिंह आयरन ब्रिज का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष महंत प्रीतम पुरी, नगरपालिका अध्यक्ष नीरज दुबे (महाराज) सहित जनप्रतिनिधि एवं मंत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

यह आयरन ब्रिज कचहरी वाले बाबा के समीप स्थित कच्चे मार्ग से सींगरी नदी के दूसरी ओर स्थित किसानी वार्ड एवं आसपास के अन्य वार्डों को सीधे जोड़ता है। लंबे समय से इस क्षेत्र के नागरिकों को शहर के मुख्य मार्ग तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन पुल के निर्माण के बाद आवागमन अब काफी आसान और सुगम हो जाएगा।

लोकार्पण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास के साथ-साथ नागरिकों की दैनिक आवाजाही को सरल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे समय की बचत होगी और लोगों को शहर के मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

स्थानीय नागरिकों ने भी पुल निर्माण पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। यह पुल आसपास के वार्डों के लोगों के लिए सुविधा के साथ-साथ विकास की नई राह भी खोलेगा।

 

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!