*कलेक्टर रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश!*

नरसिंहपुर। 27 जून 2026 कलेक्टर रजनी सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

इस दौरान गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, एनीमिया, आरबीएसके, क्षय (टीबी) कार्यक्रम, एनसीडी कार्यक्रम एवं सीएम हेल्पलाइन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. चौधरी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कम है, वहां आशा एवं एएनएम के माध्यम से सर्वे कराकर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले के सभी पोषण पुनर्वास केंद्रों के नियमित निरीक्षण के लिए दो बाल चिकित्सकों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए।

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरसिंहपुर एवं विकासखंड चांवरपाठा में गर्भवती महिलाओं की जांच कम पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए गए। आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सकों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर बच्चों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

एनसीडी कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने के लिए हाट-बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं टीबी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान बाबई चीचली (सालीचौका), नरसिंहपुर और गाडरवारा में स्क्रीनिंग कम पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने पर संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश भी दिए गए।

कलेक्टर ने आरबीएसके वाहनों के उपयोग की जांच कराने तथा वाहनों का उचित उपयोग नहीं करने वाले चिकित्सकों से राशि वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन संबंधी जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर प्रभारी जिला आरबीएसके समन्वयक के दो इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश भी जारी किए।

बैठक में जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी को जिले की सभी गुड़ भट्टियों एवं होटलों का पंजीयन सुनिश्चित कराने तथा सभी विकासखंडों में प्रत्येक माह 10 स्वास्थ्य संस्थानों का एनक्यूएएस मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए गए। अंत में जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर की सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!