नरसिंहपुर। 5 नवंबर 2026 जिले के थाना स्टेशनगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुरपा निवासी युवराज कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। मृतक की मां अनीता कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को लिखित आवेदन सौंपकर बेटे की मौत की निष्पक्ष एवं सूक्ष्म जांच कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे युवराज अपने दोस्त दीपक के साथ डांगीढाना जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम करीब 7 बजे उसकी अपने पिता से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने पांच मिनट में घर लौटने की बात कही थी। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने और फोन नहीं उठाने पर परिजन चिंतित हो गए।
अगले दिन 30 अक्टूबर की सुबह परिजन युवराज की तलाश में निकले। इसी दौरान डांगीढाना से खुरपा रोड पर युवराज का वाहन मिला और पास ही खेत में उसका शव पड़ा हुआ मिला। आवेदन में शव पर चोट के निशान होने की बात भी कही गई है।
मृतक की मां ने आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना की सूचना थाना स्टेशनगंज पुलिस को देने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि युवराज की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? परिजन पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया एवं जांच की वर्तमान स्थिति सामने आना बाकी है।








