नरसिंहपुर। 10 नवंबर 2026 स्वच्छता के मामले में देशभर में सबसे पीछे की रैंकिंग हासिल कर चुका नरसिंहपुर शहर इन दिनों सफाई व्यवस्था को लेकर कई सवालों के घेरे में है। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे के ढेर देखकर ऐसा लगता है कि स्वच्छता के दावे और जमीनी हकीकत के बीच काफी अंतर है।
पिछले दिनों पोल खोल ने शहर के मुख्य चौराहे स्थित सुभाष पार्क के पास बने आनंदम केंद्र की बदहाल स्थिति सामने रखी थी। यहां पुराने वस्त्रों का उचित प्रबंधन नहीं होने से लोग केंद्र के बाहर सड़क किनारे ही कपड़े छोड़कर जा रहे हैं। अब एक और तस्वीर सामने आई है, जो शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
10 नवंबर, मंगलवार की सुबह पोल खोल को एक दर्शक ने वीडियो भेजा है। वीडियो में रिपटापार पुल पर कचरे का ढेर दिखाई दे रहा है। वहीं, पुल के पास बने मूत्रालय में भी गंदगी और कचरा फैला हुआ नजर आ रहा है।
सवाल यह है कि जब शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार खबरें
प्रकाशित की जा रही हैं और नागरिक भी अपनी शिकायतें सामने रख रहे हैं, तो आखिर जिम्मेदारों तक ये आवाजें क्यों नहीं पहुंच रही हैं? क्या सफाई व्यवस्था की निगरानी करने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी इन स्थानों का निरीक्षण नहीं करता?
पोल खोल लगातार जनसमस्याओं को सामने लाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन बार-बार खबरें सामने आने के बावजूद यदि हालात नहीं बदलते तो यह व्यवस्था की जवाबदेही पर बड़ा सवाल है
अब सवाल सीधे नगर प्रशासन और संबंधित जिम्मेदारों से है- आखिर शहरवासी अपनी समस्याएं लेकर किसके पास जाएं? क्या केवल
स्वच्छता की रैंकिंग में सबसे पीछे रहने वाले शहर को वास्तव में साफ रखना भी जिम्मेदारी नहीं है क्या ?
जनता की मांग है कि आनंदम केंद्र के बाहर बिखरे वस्त्रों का उचित प्रबंधन किया जाए और रिपटापार पुल सहित शहर के गंदगी वाले स्थानों की तत्काल सफाई कराई जाए। साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पोल खोल सवाल पूछता रहेगा, क्योंकि स्वच्छ शहर का अधिकार हर नागरिक का है।








