नरसिंहपुर। 2 जुलाई 2026 शहर के सिंहपुर चौराहे से बरगी कॉलोनी रोड पर रिप्टापार पुल के ऊपर चढ़ते ही बीच सड़क पर सीमेंट आरसीसी रोड को खोदकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि मौके पर न तो कार्य संबंधी कोई सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए किसी प्रकार की चेतावनी या सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पोलखोल टीम द्वारा मौके का जायजा लेने पर सामने आया कि पिछले लगभग एक सप्ताह से सड़क खुदी पड़ी है। निर्माण कार्य से निकला मलबा भी सड़क पर फैला हुआ है, जिससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों तथा स्थानीय नागरिकों को रोजाना जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन या संबंधित विभाग समय रहते सुरक्षा इंतजाम और स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाता, तो लोगों को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। अब सवाल यह है कि आखिर जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?








