नरसिंहपुर। 14 जून 2026 जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी आदिवासी व्यक्ति ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग की है। पीड़ित अमर सिंह कोल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमान किया गया, लाठी-डंडों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई, लेकिन पुलिस ने मामले में उचित धाराओं के तहत कार्रवाई नहीं की।
शिकायत के अनुसार 9 जून 2026 को गांव के ही देवीसिंह लोधी और अखिलेश लोधी ने अमर सिंह को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अमर सिंह का कहना है कि हमले में उनके सिर, हाथ, पैर और कंधे में गंभीर चोटें आईं तथा अस्थि भंग भी हुआ।
पीड़ित ने बताया कि घटना की रिपोर्ट थाना गोटेगांव में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक धाराएं नहीं लगाईं। उनका आरोप है कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी नहीं जोड़ी गईं। अमर सिंह का कहना है कि आरोपियों के प्रभाव के चलते पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध जातिगत अपमान, गंभीर मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।








