नरसिंहपुर। 28 नवंबर 2026
जनपद नरसिंहपुर अंतर्गत गरट्टा तिंदनी क्षेत्र के किसानों ने विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर 26 नवंबर को एमपीईबी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि पिछले लगभग 7 वर्षों से खेतों में बिजली के खंभे उचित व्यवस्था में नहीं हैं और कई स्थानों पर तार लकड़ी के सहारे लटके हुए हैं, जिससे दुर्घटना एवं जनहानि का खतरा बना हुआ है।
किसानों ने बताया कि खेतों में लटकते बिजली के तार और अव्यवस्थित
खंभों के कारण मवेशियों की जान भी खतरे में है। किसान दीपक पटेल , ऋषिराज राजपूत , रविशंकर ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में बिजली के खंभों से संबंधित घटनाओं में तीन मवेशियों की मौत हो चुकी है, जबकि इस वर्ष भी मवेशियों की मौत होने की बात सामने आई है।
किसानों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि खेतों में लगे असुरक्षित बिजली के खंभों एवं तारों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
इसके साथ ही किसान दीपक पटेल ने डोंगरगांव में जली हुई डीपी
(ट्रांसफॉर्मर) को बदलने, ओवरलोडिंग की समस्या का समाधान करने तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार करने की मांग उठाई।
किसानों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी निराकरण किया जाए, ताकि खेती-किसानी के साथ ग्रामीणों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
पोल खोल न्यूज़ – जनता की आवाज़, आपके साथ।








