नरसिंहपुर। 27 नवंबर 2026 जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में एक मामले की जांच को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। ग्राम गर्रा निवासी शुभम लोधी एवं हर्षित लोधी ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को लिखित आवेदन सौंपकर घटना से संबंधित महत्वपूर्ण CCTV फुटेज की DVR न्यायालय में पेश नहीं किए जाने की शिकायत की है।
आवेदकों के अनुसार, उनकी मां अंजना पटेल और कुछ अनावेदक पक्ष के बीच हुए विवाद के मामले में गोटेगांव थाने में अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान फरियादी के घर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई थी। पुलिस द्वारा जांच के दौरान गोटेगांव थाने में पदस्थ
आरक्षक संदीप शर्मा ने CCTV की DVR जप्त की थी, लेकिन बाद में न्यायालय में प्रस्तुत अंतिम प्रतिवेदन के साथ उक्त DVR पेश नहीं की गई।
आवेदकों का कहना है कि फरियादी अंजना पटेल द्वारा कई बार थाने पहुंचकर DVR के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके अलावा आवेदकों ने न्यायालय में भी DVR प्राप्त करने के लिए सुपुर्दनामा आवेदन प्रस्तुत किया था।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आवेदक हर्षित लोधी द्वारा डायल 112 पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं। आवेदकों का दावा है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में भी सुरक्षित है, जिसे द्वितीयक साक्ष्य के रूप में न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।
एसपी से की DVR उपलब्ध कराने की मांग
शुभम लोधी और हर्षित लोधी ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित CCTV DVR के संबंध में जांच कराने तथा उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराने और नियमानुसार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जब CCTV DVR पुलिस द्वारा जप्त की गई थी, तो वह अंतिम प्रतिवेदन के साथ न्यायालय में क्यों प्रस्तुत नहीं की गई?
मामले में पुलिस का पक्ष और DVR की वर्तमान स्थिति स्पष्ट होना भी आवश्यक है।
पोल खोल न्यूज़ इस मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।








