नरसिंहपुर। 13 नवंबर 2026 गन्ना किसानों की मांगों को लेकर शुगर मिल मालिकों और किसान प्रतिनिधियों के बीच 12 नवंबर को आयोजित होने वाली बैठक विफल होने के बाद अब किसानों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है।
राष्ट्रवादी किसान आर्मी संगठन (किसान, मजदूर, युवा, मातृशक्ति) नरसिंहपुर ने गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल निर्धारित करने और किसानों को उचित बोनस देने की मांग को लेकर 14 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी की है।
संगठन के प्रमुख प्रतीक शर्मा द्वारा 13 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नरसिंहपुर को आवेदन सौंपकर धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई है।
आवेदन में बताया गया है कि इससे पहले 4 नवंबर को गन्ना किसानों की मांगों को लेकर विशाल किसान आंदोलन किया गया था। किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए 12 नवंबर को शुगर मिल मालिकों एवं किसान प्रतिनिधियों के बीच बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन संगठन के अनुसार शुगर मिल मालिकों के बैठक में उपस्थित नहीं होने के कारण बातचीत नहीं हो सकी और किसानों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं निकल पाया।
अब संगठन ने किसानों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसानों को धरना-प्रदर्शन की अनुमति देगा और क्या गन्ना किसानों की ₹600 प्रति क्विंटल मूल्य एवं बोनस की मांग पर कोई ठोस पहल होगी?
फिलहाल सभी की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
पोलखोल न्यूज़ | जनता की आवाज़, आपके साथ।








