नरसिंहपुर। 1 नवंबर 2026 | पोलखोल न्यूज़
नरसिंहपुर नगर के सांकल रोड पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। इस बार सड़क किनारे लगाए जा रहे पेवर ब्लॉक की सुरक्षा और निर्माण कार्य की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रविवार, 1 नवंबर की सुबह एक जागरूक दर्शक ने पोलखोल न्यूज़ को कुछ तस्वीरें भेजकर इस मामले की जानकारी दी। फोन पर उन्होंने बताया कि सांकल रोड पर निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।
दर्शक के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात सड़क पर भारी वाहनों का आवागमन हुआ। इसी दौरान एक भारी डंपर ने सड़क किनारे लगाए गए नए पेवर ब्लॉकों को रौंद दिया, जिससे कई ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गए। भेजी गई तस्वीरों में भी पेवर ब्लॉकों को पहुंची क्षति दिखाई दे रही है।
अब सवाल यह है कि जब सड़क निर्माण का कार्य जारी है, तो क्या निर्माण एजेंसी द्वारा लगाए गए पेवर ब्लॉकों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था की गई है? क्या रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए उचित इंतजाम किए गए हैं?
गौरतलब है कि सांकल रोड के निर्माण कार्य को लेकर पहले भी अलग-अलग तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं। कहीं नाली निर्माण को लेकर सवाल उठे, तो कहीं निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आईं। अब नए लगाए जा रहे पेवर ब्लॉकों के क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आने के बाद निर्माण कार्य की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या क्षतिग्रस्त पेवर ब्लॉकों को दोबारा दुरुस्त कराया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस व्यवस्था की जाएगी?
फिलहाल संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
पोलखोल न्यूज़ की नजर सांकल रोड निर्माण कार्य पर बनी हुई है।








