नरसिंहपुर। 18 अक्टूबर 2026 जिले के ग्राम सतधारा खामघाट स्थित खसरा नंबर 19/1 की भूमि को आबादी घोषित कराने की मांग को लेकर स्थानीय रहवासियों ने कलेक्टर नरसिंहपुर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदन में बताया गया है कि संबंधित भूमि पर कई परिवार पिछले 80 से 90 वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक भूमि को आबादी घोषित नहीं किया गया है।
आवेदन के अनुसार, इस भूमि पर निवास करने वाले अधिकांश परिवार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवारों ने अपने स्तर पर कच्चे-पक्के मकान बनाकर यहां निवास किया है।
रहवासियों का कहना है कि आवासीय भूमि का पट्टा नहीं होने के कारण उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी हो रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान, धर्मशालाएं और शासकीय स्कूल संचालित हैं। इसके बावजूद खसरा नंबर 19/1 की भूमि को अब तक आबादी घोषित नहीं किया गया है।
रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कराकर उक्त भूमि को आबादी घोषित करने तथा पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
अब देखना होगा कि रहवासियों की इस मांग पर जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है।








