नरसिंहपुर। 23 सितंबर 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत नरसिंहपुर पुलिस ने नवलगांव रोड पर कार्रवाई करते हुए 60.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को थाना क्षेत्र में अपराध पतासाजी एवं भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को ग्राम नवलगांव रोड पर काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा युवक उतरकर खेत की ओर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया
पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान साकेत सेन (24), निवासी तिलक वार्ड, थाना कोतवाली, नरसिंहपुर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पारदर्शी पन्नी में सफेद-भूरे मटमैले रंग का पाउडर मिला, जिसे स्मैक बताया गया। मौके पर परीक्षण एवं पहचान की कार्रवाई के बाद पदार्थ का वजन 60.04 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने स्मैक के साथ तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ और मौके पर की गई कार्रवाई के आधार पर मोटरसाइकिल चालक तरुण ठाकुर (19), निवासी संजय वार्ड, किसानी मोहल्ला, थाना कोतवाली, नरसिंहपुर की भी स्मैक के कथित परिवहन एवं तस्करी में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कुल करीब 8 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8(A)(C)/21(B), 29 NDPS Act के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशनगंज निरीक्षक सौरभ पटेल, उप निरीक्षक राहुल सोनकर, वरिष्ठ आरक्षक राहुल दुबे, जितेंद्र राणा, आसिफ खान, योगेंद्र सिंह एवं अंकित विश्वकर्मा की भूमिका रही।
नरसिंहपुर पुलिस के अनुसार “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।








