नरसिंहपुर। 15 सितम्बर 2026 भारतीय किसान संघ जिला नरसिंहपुर की मासिक बैठक के बाद किसानों ने रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने कलेक्टर कार्यालय के सामने जमीन पर बैठकर अपनी नाराजगी जताई।
किसानों की नाराजगी को देखते हुए कृषि विभाग के उप संचालक किसानों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद किसानों की ओर से विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
भारतीय किसान संघ के प्रदेशव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम के तहत किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में दावा राशि भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और खेत को इकाई मानने, सोयाबीन की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए पंजीयन शुरू कराने, नकली बीज बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने तथा मूंग का बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग रखी।
इसके अलावा किसानों ने लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य दिलाने, गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने, सभी डीसी केंद्रों से किसानों को ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और नरसिंहपुर में एरिया स्टोर बनाए जाने सहित अन्य मांगें भी रखीं।
ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संतोष राय, जिला मंत्री अभिषेक पटेल, जिला मीडिया प्रभारी नितिन तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष विष्णु पटेल, संभागीय अध्यक्ष अनिरुद्ध पटेल, प्रांत सदस्य सरदार पटेल, जिला उपाध्यक्ष भावसिंह लोधी, दिनेश पटेल सहित भारतीय किसान संघ के विभिन्न पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।








