नरसिंहपुर। 12 सितम्बर 2026 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत दहलवाड़ा में आयोजित जन संवाद शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई आवेदनों का मौके पर निराकरण किया।
हालांकि, शिविर से सामने आई तस्वीरों में कुछ महिलाएं जमीन पर बैठी हुई नजर आ रही हैं, जिससे कार्यक्रम में महिलाओं के बैठने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। तस्वीर में महिलाएं नीचे बैठी दिखाई दे रही हैं, जिसके बाद आयोजन स्थल पर बैठने की व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
शिविर में स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, आधार अपडेट, फार्मर आईडी बनाने, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण जैसी सेवाएं भी दी गईं। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर रजनी सिंह सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना जहां शिविर का मुख्य उद्देश्य रहा, वहीं महिलाओं के बैठने की व्यवस्था को लेकर सामने आई तस्वीर आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े करती है।








