नरसिंहपुर। 1 सितंबर 2026 जिले के ग्राम पांजरा, ग्राम पंचायत सूरजगांव में टपरिया मोहल्ले की ओर जाने वाला कच्चा मार्ग बारिश के चलते बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। मार्ग पर अत्यधिक कीचड़ होने के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग के आसपास करीब 25 से 30 मकान हैं, जहां लगभग 130 से 140 लोग निवास करते हैं। इसके अलावा करीब 25 से 30 छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से रोजाना स्कूल आते-जाते हैं। बारिश के दौरान मार्ग पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाने से बच्चों सहित बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को भी काफी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि मई 2026 में मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए ग्राम के सरपंच और सचिव के समक्ष शिकायत की गई थी। इस दौरान मार्ग की नाप-जोख भी कराई गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद अब तक मार्ग के सुधार के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस समस्या को लेकर आकाश, हेमंत मल्लाह, कैलाश, विशाल मेहरा, हीरा गोंड, रामेश्वर, माया गौड़, सूरज सहित ग्रामीणों ने 25 अगस्त 2026 को आवेदन प्रस्तुत कर संबंधित अधिकारियों से मार्ग का दुरुस्तीकरण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख और एकमात्र रास्ता है। ऐसे में बारिश के मौसम में इसकी खराब स्थिति से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मार्ग को दुरुस्त कराने और आवागमन सुचारू कराने की मांग की है।








