नरसिंहपुर। 25 अगस्त 2026 एमपी बटालियन एनसीसी जबलपुर के कमान अधिकारी कर्नल नितिन शर्मा एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल समीर बोडस के निर्देशानुसार एमआईएमटी कॉलेज नरसिंहपुर में संचालित एनसीसी कंपनी के कैडेट्स ने भारत सरकार के ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
समाज सेवा एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत कैडेट्स ने रेलवे स्टेशन, नगर पालिका परिषद, चाणक्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आदियोगी योग एवं जुम्बा क्लासेस, नरसिंह पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल सहित शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर जनसमूहों को टीबी रोग के कारण, बचाव, सावधानियों एवं उपचार की जानकारी दी।
इस अवसर पर चेयरमैन इंजी. रूद्रेश तिवारी एवं प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार गर्ग ने एनसीसी कैडेट्स को देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संयोजन एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. पराग नेमा एवं लेफ्टिनेंट जितेंद्र कुमार मिश्रा ने किया। उल्लेखनीय है कि एनसीसी कैडेट्स बड़ी संख्या में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान एवं रैली के माध्यम से टीबी मुक्त भारत अभियान में सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं।








