*नरसिंहपुर में 18 वर्षीय युवती के लापता होने पर पिता की शिकायत, युवक पर भगाकर ले जाने और बंधक बनाने का आरोप!*

नरसिंहपुर।10  अगस्त 2026  स्टेशनगंज थाना क्षेत्र की सिंहपुर पुलिस चौकी अंतर्गत एक ग्राम से 18 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है।

युवती के पिता  ने थाना अजाक नरसिंहपुर में शिकायत देकर एक युवक पर उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखने की आशंका जताई है।

 

शिकायत के अनुसार, युवती 26 जुलाई 2026 से लापता है। पिता का आरोप है कि उन्होंने उसी दिन पुलिस चौकी सिंहपुर पहुंचकर घटना की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय गुम इंसान की सूचना दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस के समक्ष दिए गए उनके बयान उसी रूप में दर्ज नहीं किए गए तथा उनकी पुत्री की तलाश में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

 

आवेदन में बताया गया है कि युवती के लापता होने के बाद संबंधित युवक भी गांव में दिखाई नहीं दे रहा है। शिकायतकर्ता ने युवक के परिजनों से भी उसके संबंध में जानकारी नहीं मिलने की बात कही है।

 

पिता ने आशंका जताई है कि उनकी पुत्री को कहीं ले जाकर बेचने अथवा उसके साथ कोई गंभीर अनहोनी किए जाने की संभावना है। उन्होंने पुलिस से युवती की तलाश कर उसे सुरक्षित बरामद करने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

शिकायतकर्ता ने मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!