नरसिंहपुर। 5 अगस्त 2026 सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में घर पहुंचकर गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नरसिंहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो 2 अगस्त 2026 की रात लगभग 10 बजे थाना चीचली क्षेत्र के ग्राम ढाना (बारहबड़ा) का है। प्रार्थी विजय साहू (42) के घर पहुंचे आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी ललित उर्फ गोलू मिर्धा, शिवम साहू, हरिओम साहू, ललित साहू एवं चन्द्रमोहन साहू, सभी निवासी ग्राम ढाना (बारहबड़ा), के विरुद्ध थाना चीचली में धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 232(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी ललित उर्फ गोलू मिर्धा सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले और सोशल मीडिया के माध्यम से भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नरसिंहपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।








