नरसिंहपुर ! 3 अगस्त 2026
(1) दतिया उपचुनाव जीत पर कांग्रेस का जश्न
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के बाद नरसिंहपुर कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता के विश्वास की जीत बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
(2. ) हाईवा हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार
19 जुलाई को सुआतला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर के पास हुए बहुचर्चित हाईवा हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी प्रीतम बर्मन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या की साजिश थी। प्रीतम दूसरी लेन में हाईवा लेकर मौजूद था ताकि जरूरत पड़ने पर दूसरी ओर से भी टक्कर मारी जा सके। मामले में अब तक 11 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
(3). ट्रक की टक्कर से युवक गंभीर घायल
सुआतला थाना क्षेत्र के झिराघाटी के पास रविवार शाम सड़क हादसे में 30 वर्षीय आकाश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीतरपानी से गांव लौटते समय पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(4 ). खेत में दवा छिड़काव के दौरान करंट लगने से मौत
मुंगवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बरहटा भदौर में सोमवार सुबह खेत में दवा का छिड़काव करते समय 29 वर्षीय रमेशगिर गोस्वामी करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
(5.) सड़क पर गाय आने से बाइक दुर्घटनाग्रस्त, दो घायल
साईंखेड़ा से लौट रहे दो युवकों की बाइक सड़क पर अचानक गाय आ जाने से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उमेश चौधरी और कन्हैया घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल नरसिंहपुर में इलाज जारी है।
(6). किसानों के लिए खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू
खरीफ सीजन में उर्वरक वितरण को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने हाईब्रिड मोड व्यवस्था लागू की है। किसान टोल-फ्री नंबर 07792-181 पर कॉल कर या डबल लॉक केंद्रों से टोकन प्राप्त कर सकेंगे। एसएमएस के माध्यम से वितरण की तिथि और समय की जानकारी दी जाएगी। जिले के प्रमुख केंद्रों पर प्रतिदिन 100 टोकन जारी किए जाएंगे, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।








