नरसिंहपुर समेत पूरे प्रदेश में पटवारी हड़ताल, किसानों और आमजन के राजस्व कार्य प्रभावित!

 

नरसिंहपुर  !  3  अगस्त 2026  

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के लगभग 20 हजार पटवारी सोमवार से अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। नरसिंहपुर जिले के सभी तहसीलों के पटवारियों ने भी हड़ताल में शामिल होकर शासकीय कार्यों से दूरी बना ली है। इससे राजस्व विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।

पटवारी संघ लंबे समय से कैडर रिव्यू, पदोन्नति, वेतन विसंगति, सुरक्षा, लंबित मानदेय के भुगतान, स्थानांतरण नीति में सुधार और भर्ती नियमों में बदलाव जैसी मांगों को लेकर आंदोलनरत है। संघ ने पहले चरणबद्ध आंदोलन चलाया, जिसमें ज्ञापन, सामूहिक अवकाश, काली पट्टी बांधकर कार्य, केवल राजस्व कार्य करना और ऑनलाइन सेवाएं बंद करना शामिल था। अब मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी गई है।

जिला पटवारी संघ नरसिंहपुर के अध्यक्ष राहुल वर्मा ने बताया कि जिले के सभी पटवारी हड़ताल पर हैं। इसके कारण नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, गिरदावरी, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जुड़े कार्य सहित अन्य राजस्व सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पटवारियों के बिना राजस्व व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित नहीं हो सकती और शासन की उदासीनता के कारण यह आंदोलन करना पड़ रहा है।

पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं हड़ताल के चलते किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!