*कीचड़, गड्ढे और हादसे… पटेल कॉलोनी की बदहाल सड़क पर भड़के लोग, आंदोलन का ऐलान!*

नरसिंहपुर। 26 जुलाई 2026  शहर के साकल रोड स्थित मुशरान वार्ड की पटेल कॉलोनी (गली नंबर 2 और 3 के बीच) में बरसात शुरू होते ही कच्ची सड़क की बदहाली ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बरसात से पहले सड़क पर न तो मुरम डाली गई और न ही कोई मरम्मत कार्य कराया गया, जिससे पूरा मार्ग कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस सड़क से रोज़ाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं, लेकिन बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी और खतरनाक हो चुकी है। आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, जबकि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

रहवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन देकर सड़क सुधार की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें लगातार परेशानी और हादसों का सामना करना पड़ रहा है।

बढ़ते आक्रोश के बीच कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क पर मुरम डालने, मरम्मत या डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान यदि किसी प्रकार की स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!