नरसिंहपुर ! 22 जुलाई 2026
चीचली, नरसिंहपुर। खिरका मोहल्ले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सामने आए विवाद के बीच नगर परिषद चीचली ने अपना आधिकारिक पक्ष सार्वजनिक किया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) विकास राव ने पोलखोल न्यूज़ से चर्चा करते हुए कहा कि सूरज कहार द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं और नगर परिषद ने नियमानुसार कार्रवाई की है।
सीएमओ के अनुसार, जिस स्थान से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां शासन की स्वच्छ भारत मिशन (SBM) 2.0 योजना के तहत सार्वजनिक शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है। इसी स्थान से पहले छह अन्य लोगों के अतिक्रमण भी हटाए जा चुके हैं। कुल सात दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई, लेकिन सूरज कहार लगातार अतिक्रमण हटाने से इनकार कर रहे थे।
नगर परिषद का कहना है कि सूरज कहार को एक नहीं, बल्कि तीन बार नोटिस जारी किए गए और अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। इसके बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारियों का दावा है कि कार्रवाई से पहले संबंधित व्यक्ति को सूचना दी गई थी और पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है।
नगर परिषद द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के अनुसार 8 जुलाई 2026 को जारी नोटिस में स्पष्ट रूप से 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस में यह भी उल्लेख था कि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर निकाय स्वयं कार्रवाई करेगा तथा उस पर होने वाले खर्च की वसूली संबंधित व्यक्ति से की जाएगी।
सीएमओ विकास राव ने कहा कि सार्वजनिक हित में बनने वाले शौचालय के कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान भी सूरज कहार द्वारा व्यवधान पैदा किया गया और बाद में नगर परिषद पर अनर्गल आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पास नोटिस, दस्तावेज और कार्रवाई के वीडियो सहित सभी रिकॉर्ड सुरक्षित हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर नगर परिषद का आधिकारिक पक्ष सामने आ गया है। अब देखना होगा कि इस मामले में सूरज कहार की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है।
(पोलखोल न्यूज़ दोनों पक्षों का पक्ष निष्पक्ष रूप से सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है।)














