नरसिंहपुर। 2 जुलाई 2026 गुरुवार, 2 जुलाई की सुबह से हो रही लगातार तेज बारिश के बीच शहर में नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाली तस्वीरें और वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। शहर के अलग-अलग वार्डों से जलभराव और अव्यवस्थाओं की शिकायतें मिल रही हैं।
हमारे एक दर्शक ने तिलक वार्ड स्थित उद्योगपुरी से एक फोटो भेजा है। फोटो में देखा जा सकता है कि उद्योगपुरी की नालियां पानी से पूरी तरह लबालब भरी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद पड़ी पानी की टंकी के लिए खोदी गई नाली को ठेकेदारों द्वारा अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है।
बताया जा रहा है कि करीब 4 फीट गहरी बनाई गई नालियां भी पूरी तरह भर चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के बीच शहर के विभिन्न वार्डों से ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं, जो जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं।
पोलखोल न्यूज़ अपने सभी दर्शकों का धन्यवाद करता है, जो जनहित के मुद्दों से जुड़े फोटो और वीडियो लगातार हमें भेज रहे हैं।










