नरसिंहपुर। 28 जून 2026 शहर की सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति लगातार सवालों के घेरे में है। शहर के अलग-अलग हिस्सों से गंदगी, जाम नालियों और खस्ताहाल सड़कों की तस्वीरें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग मौन नजर आ रहे हैं।
इसी कड़ी में पोलखोल न्यूज़ की टीम जब किसी कार्य से नए बस स्टैंड, नरसिंहपुर पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद चिंताजनक मिला। यात्रियों की सुविधा के लिए बने यात्री निवास में आवारा सांड और अन्य पशु खुलेआम विचरण करते दिखाई दिए। वहीं यात्री गंदगी के बीच बैठने को मजबूर थे। परिसर में शराब की खाली बोतलें और अन्य कचरा बिखरा पड़ा था, जिससे पूरे क्षेत्र की बदहाली साफ झलक रही थी।
जिस स्थान पर यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, वहां अव्यवस्था और गंदगी का साम्राज्य दिखाई दिया। सवाल यह है कि नगर पालिका और संबंधित विभाग आखिर कब इस ओर ध्यान देंगे? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इन हालात की जानकारी नहीं है, या फिर सब कुछ जानते हुए भी अनदेखी की जा रही है?
पोलखोल न्यूज़ शहर की समस्याओं को लगातार प्रमुखता से उठा रहा है। अब देखना यह होगा कि इस खबर के बाद जिम्मेदार विभाग हरकत में आते हैं या फिर शहर की जनता यूं ही गंदगी और अव्यवस्थाओं के बीच जीवन जीने को मजबूर रहेगी।
देखिए पूरी ग्राउंड रिपोर्ट सिर्फ “पोलखोल न्यूज़” पर।








