नरसिंहपुर। 25 जून 2026 जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस क्षेत्र में भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुशरान वन स्थित मंदिर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह भागने लगा, जिस पर पुलिस ने तत्काल पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 12.5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान अनूप जाटव (20 वर्ष), निवासी झिरना, पावर हाउस के सामने, नरसिंहपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव चांटे, उपनिरीक्षक गोविंद नागेश सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
नरसिंहपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








