नरसिंहपुर ! 22 जून 2026
गाडरवारा। शक्कर नदी स्थित रेलवे पुल के पास रेलवे लाइन की पिचिंग के दौरान किए जा रहे निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, गाडरवारा से गुजरने वाली अप और डाउन दोनों रेलवे लाइनों के किनारे करोड़ों रुपये की लागत से पिचिंग का कार्य कराया जा रहा है। मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रेलवे लाइन से सटी मिट्टी की खुदाई कर उसी मिट्टी का उपयोग पिचिंग कार्य में कर दिया गया। आरोप है कि एक ओर रेलवे लाइन के बिल्कुल पास लगभग 10 फीट तक खुदाई की गई, जबकि दूसरी ओर उसी मिट्टी से पिचिंग कर दी गई।
इस संबंध में जब संबंधित अधिकारी से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि कार्य अभी प्रगति पर है। हालांकि, मौके पर कोई भी निर्माण कार्य होता दिखाई नहीं दिया। इससे कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब रेलवे का इतना महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा था, तब जिम्मेदार अधिकारियों ने समय-समय पर निरीक्षण क्यों नहीं किया। साथ ही यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि रेलवे विभाग की भूमि से बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई की अनुमति किस आधार पर दी गई।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक सुधार नहीं किए गए, तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय युवक हमारे दर्शक ने ग्राऊंड जीरो से वीडियो बनाकर भेजा..








