22 जून 2026 | नरसिंहपुर बुलेटिन: भटिया टोला हादसा, तेंदूखेड़ा केस में नया मोड़, रेलवे पिचिंग पर सवाल, कल जनसुनवाई

नरसिंहपुर ! 22 जून 2026

खबर नंबर-1
भटिया टोला में रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
नरसिंहपुर शहर के भटिया टोला रोड स्थित नहर के पास सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

खबर नंबर-2
तेंदूखेड़ा फ्लाईओवर हादसे में नया मोड़, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
1 अप्रैल को तेंदूखेड़ा फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में नया मोड़ सामने आया है। घायल युवक रितिक गुप्ता के परिजन पोलखोल स्टूडियो पहुंचे और दावा किया कि हादसा किसी अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से हुआ था। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की, लेकिन अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल यह परिजनों का पक्ष है, पुलिस का पक्ष आना बाकी है और मामले की जांच जारी है।

 

खबर नंबर-3
गाडरवारा रेलवे पिचिंग कार्य पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
गाडरवारा की शक्कर नदी रेलवे पुल के पास चल रहे करोड़ों रुपये के पिचिंग कार्य में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे लाइन के किनारे की मिट्टी का ही उपयोग पिचिंग कार्य में किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। संबंधित अधिकारी का कहना है कि कार्य अभी जारी है। अब सभी की नजर रेलवे विभाग की आगामी कार्रवाई पर है।

 

खबर नंबर-4
23 जून को गोटेगांव में कलेक्टर की जनसुनवाई
23 जून को सुबह 11 बजे गोटेगांव जनपद पंचायत कार्यालय में कलेक्टर रजनी सिंह की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित होगी। विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे और नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण करेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से आवेदन के साथ जनसुनवाई में पहुंचने की अपील की है।

 

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!