रामराज्य के संकल्प के साथ नरसिंहपुर पहुँची इंदिरा ज्योति यात्रा, सम्यक अभियान के 9 सूत्रीय एजेंडे ने खींचा जन-ध्यान!”

नरसिंहपुर। 7 जनवरी 2026
कांग्रेस से जुड़े सम्यक अभियान चले रामराज्य की ओर एवं इंदिरा ज्योति अभियान के अंतर्गत बुधवार को इंदिरा ज्योति यात्रा का नरसिंहपुर आगमन हुआ। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए सुप्रसिद्ध विचारक एवं लेखक भास्कर राव रोकड़े ने बताया कि यह अभियान 2 मई 2022 से निरंतर संचालित है, जिसका उद्देश्य समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर आधारित रामराज्य की स्थापना है।

रोकड़े ने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि ऐसे समाज के निर्माण की है, जहां सभी नागरिक समान अधिकारों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़े अनेक संस्मरण साझा करते हुए उनके साहस, नेतृत्व क्षमता और ऐतिहासिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

इस मौके पर पूर्व सांसद एवं प्रदेश समिति अध्यक्ष सुरेन्द्र ठाकुर ने इंदिरा ज्योति यात्रा के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह यात्रा आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का माध्यम है। वहीं पूर्व विधायक सुनील जायसवाल ने नरसिंहपुर जिले में सम्यक अभियान के तहत संचालित गतिविधियों और जनसमर्थन की जानकारी दी।

लेखक भास्कर राव रोकड़े ने बताया कि सम्यक अभियान के अंतर्गत कुल 9 प्रमुख मुद्दे हैं, जिनमें केंद्र व राज्य शासन के अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष निर्धारित करना, आउटसोर्सिंग प्रणाली पर रोक, नियमित नौकरियों की व्यवस्था, समान कार्य के लिए समान वेतन, 8 घंटे की शिफ्ट ड्यूटी, कर्मचारियों की मनमानी छंटनी पर रोक, जातिगत जनगणना कराकर आबादी के अनुपात में आरक्षण, उत्कृष्ट श्रेणी के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, परंपरागत पेशों से जुड़े अत्यंत पिछड़े वर्ग (ईबीसी) के लिए विशेष प्रावधान तथा किसानों को कृषि क्रांति से जोड़ने हेतु इंडस्ट्री-कम्युनिटी फार्मिंग सिस्टम विकसित करना शामिल है।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि परंपरागत पेशों से जुड़े समाजों को औद्योगिक प्रशिक्षण और अतिरिक्त सुविधाएं देकर मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

पत्रकारवार्ता में पूर्व सांसद सुरेन्द्र ठाकुर,, पूर्व विधायक संजय शर्मा, सुनील जायसवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, दीवान शैलेन्द्र सिंह, यात्रा दल से हेमराज सनकुले, डॉ. वेद सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

*रामराज्य के संकल्प के साथ नरसिंहपुर पहुँची इंदिरा ज्योति यात्रा, सम्यक अभियान के 9 सूत्रीय एजेंडे ने खींचा जन-ध्यान!*

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!