नरसिंहपुर, 16 दिसम्बर 2025।
नरसिंहपुर में प्रशासनिक गतिविधियों की श्रृंखला
(1) ➡️ कलेक्टर रजनी सिंह द्वारा जिले में प्रशासनिक, सामाजिक एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को पीपीओ वितरित
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए 6 शासकीय सेवकों को पीपीओ वितरित किए गए। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल-श्रीफल भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की गई।
पीपीओ प्राप्त करने वालों में अबू हसन जाहिद, लखन सिंह रघुवंशी, सुशील कुमार जैन, श्याम लाल साहू, शकुन राय एवं नरेंद्र मेहरा शामिल हैं।
———————————————————————————-
(2) ➡️ जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास मोरिस नाथ ने बताया कि जिले में किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
15 दिसम्बर तक जिले में 2564 मीट्रिक टन यूरिया, 3365 मीट्रिक टन डीएपी, 6208 मीट्रिक टन एनपीके एवं 7327 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है।
उर्वरक वितरण मार्कफेड, पैक्स समितियों, एमपी एग्रो एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से किया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि खाद संबंधी किसी भी समस्या की सूचना संबंधित अनुविभागीय कृषि अधिकारियों को दें।
———————————————————————————-
(3) ➡️ सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर पार्किंग व्यवस्था, ब्रेकर निर्माण, रिफ्लेक्टर लगाने, भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण तथा डबल ट्रॉली से गन्ना परिवहन पर रोक के निर्देश दिए गए।
———————————————————————————
(4) ➡️ प्राकृतिक चिकित्सा एवं तनाव मुक्त जीवन पर प्रशिक्षण
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्राकृतिक चिकित्सा एवं तनाव मुक्त जीवन प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। योगाचार्य अनुराग त्रिपाठी एवं रोली त्रिपाठी द्वारा अधिकारियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण 16 एवं 17 दिसम्बर को जिला पंचायत, नगर पालिका एवं डाइट नरसिंहपुर में भी आयोजित किया जाएगा।
——————————————————————————–
(5) ➡️ 16 दिसम्बर को गाडरवारा में जनसुनवाई
दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा के लिए 16 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे से तहसील कार्यालय गाडरवारा में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा।
———————————————————————————-
(6) ➡️ जल संचय अभियान के अंतर्गत बोरी बंधान
मप्र जनअभियान परिषद के तत्वावधान में ग्राम गांगई के निकट सीतारेवा नदी में 175 बोरियों का बंधान बनाया गया। इससे जल संरक्षण, पशु-पक्षियों के लिए जल उपलब्धता एवं भू-जल स्तर में वृद्धि होगी।
———————————————————————————-
(7) ➡️ धान एवं ज्वार खरीदी जारी
जिले में समर्थन मूल्य पर ज्वार एवं धान की खरीदी जारी है। अब तक 614 क्विंटल ज्वार एवं 1 लाख 31 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।
230 किसानों को 3 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि का भुगतान उनके खातों में किया गया है।
———————————————————————————-
(8) ➡️ श्रम विभाग पोर्टल पर मेरिट सूची अपलोड
हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा की मेरिट सूची श्रम विभाग के पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। पात्र विद्यार्थी श्रम सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
9)➡️ स्कूल वाहनों का निरीक्षण
जिला परिवहन अधिकारी द्वारा गाडरवारा में 10 स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया गया। दो वाहनों की फिटनेस नहीं पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए गए, अन्यथा वाहन जप्ती की कार्रवाई की चेतावनी दी गई












