नृत्य-गीतों में गूंजा आक्रोश: नरसिंहपुर में सफाईकर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी!!

नरसिंहपुर। 20 दिसंबर 2025
नगर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले सफाईकर्मियों का सब्र अब जवाब दे चुका है। वेतन न मिलने और नियमितीकरण की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के बाहर चल रहा धरना-प्रदर्शन आज चौथे दिन में प्रवेश कर गया। हड़ताल के चलते पूरे नगर में गंदगी का अंबार लग गया है, लेकिन जिम्मेदारों की नींद अब तक नहीं खुली।

शनिवार को सफाईकर्मियों ने अपना आक्रोश जताने के लिए नृत्य और गीतों के जरिए अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।

ढोल-नगाड़ों और गीतों के साथ कर्मियों ने प्रशासन को जगाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

सफाईकर्मियों का कहना है कि उन्हें विगत कई महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

आर्थिक तंगी के कारण कई परिवारों के सामने रोज़मर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। मजबूरी में कर्मियों को सड़कों पर उतरना पड़ा है।

धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि वे वही लोग हैं जो दिन-रात मेहनत कर शहर, गली-मोहल्लों और घरों को स्वच्छ रखते हैं, लेकिन आज वही अपने हक के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

नगर में बढ़ती गंदगी और संभावित स्वास्थ्य खतरे के बावजूद प्रशासन की चुप्पी अब सवालों के घेरे में है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!