नरसिंहपुर। 13 नवंबर 2026 जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मामला गाडरवारा थाने में पदस्थ आरक्षक रामगोपाल राजपूत और प्रदीप राजपूत के बीच हुई कथित बातचीत के वायरल ऑडियो से जुड़ा है।
दरअसल, कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें कथित तौर पर जुए के संचालन को लेकर आरक्षक और एक व्यक्ति के बीच बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में जुए को लेकर मैनेज करने जैसी बातें सामने आने की चर्चा है।
बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत प्रदीप राजपूत द्वारा जुए के कथित संचालन को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद हुई। आरोप है कि पोस्ट सामने आने के बाद उसे हटवाने और मामले को आपसी स्तर पर मैनेज करने की कोशिश की गई।
मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पहुंचने के बाद वायरल ऑडियो के आधार पर कार्रवाई किए जाने की बात भी सामने आई थी, लेकिन संबंधित मामले में अब तक किसी कार्रवाई की सार्वजनिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
ऐसे में सवाल उठता है कि यदि वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही बातचीत सही है, तो उसकी निष्पक्ष जांच क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित आरक्षक से पूछताछ की गई? क्या वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच कराई गई? और यदि जांच हुई है तो अब तक कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई?
स्थानीय स्तर पर क्षेत्र में जुए के कथित संचालन को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
पोलखोल के सवाल:
क्या वायरल ऑडियो की आधिकारिक जांच कराई गई?
क्या संबंधित आरक्षक से जवाब-तलब किया गया?
यदि आरोप निराधार हैं तो पुलिस अपना पक्ष सार्वजनिक क्यों नहीं रखती?
यदि आरोपों में तथ्य हैं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
पुलिस अधीक्षक से अपेक्षा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य सामने लाए जाएं और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कानून सबके लिए बराबर है। वर्दी की जिम्मेदारी कानून की रक्षा करना है, न कि उस पर उठ रहे सवालों को अनदेखा करना।
नोट: यह समाचार वायरल ऑडियो और सामने आए आरोपों पर आधारित है। ऑडियो की प्रामाणिकता तथा संबंधित पुलिसकर्मी का पक्ष स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया जाना शेष है। संबंधित पक्ष का जवाब मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








