*NH-44 पर अज्ञात कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौत; पत्नी बाल-बाल बची, बंद CCTV कैमरों पर उठे सवाल!*

नरसिंहपुर। 5 सितंबर 2026 नेशनल हाईवे-44 पर बीतली गांव के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी सुरक्षित बच गईं। घटना के बाद बरमान पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

बरमान चौकी प्रभारी आरती वर्मा के अनुसार, जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के बरपटी गांव निवासी शिवदयाल पिता रोशनलाल नौरिया (42) अपनी पत्नी कुंजलता (38) के साथ बरमान स्थित अपनी ससुराल से वापस अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बीतली गांव के पास नेशनल हाईवे-44 पर एक अज्ञात कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिवदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुरक्षित बच गईं।
घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनाकारक वाहन की तलाश में जुटी है।

इधर, स्थानीय लोगों ने हादसे वाले स्थान पर लगे CCTV कैमरों को लेकर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल हाईवे के फ्लाईओवर ब्रिज के पास है, जहां कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन जानकारी के अनुसार ये कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। ऐसे में हादसे के बाद वाहन की पहचान करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पोलखोल न्यूज़ को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, उस पर पीले रंग का तिरपाल ढका हुआ था और वाहन की नंबर प्लेट HR सीरीज की बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अब बड़ा सवाल यह है कि हाईवे जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर लगे CCTV कैमरे यदि बंद हैं, तो उनकी निगरानी और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है? यदि कैमरे चालू होते, तो संभवतः हादसे के बाद फरार वाहन की पहचान में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता था।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!