नरसिंहपुर। 26 सितम्बर 2026 जिले में विद्युत लाइन से तार चोरी और विद्युत पोल क्षतिग्रस्त करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।
झोतेश्वर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 18 बंडल विद्युत तार और चोरी में प्रयुक्त औजार सहित कुल ₹63 हजार का सामान बरामद किया गया। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं, जिनकी कीमत करीब ₹1.40 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ अभियंता द्वारा ग्राम खुर्शीपार में अज्ञात लोगों द्वारा विद्युत लाइन के तार चोरी करने और विद्युत पोल क्षतिग्रस्त करने संबंधी प्रतिवेदन झोतेश्वर चौकी, थाना गोटेगांव में दिया गया था। मामले में अपराध क्रमांक 588/2026 के तहत विद्युत अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान 26 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम भामा से चार संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी किए गए विद्युत तार और घटना में इस्तेमाल औजारों को ग्राम खुर्शीपार के जंगल में स्थित एक तालाब में छिपाकर रखना बताया।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से 18 बंडल विद्युत तार, एक लोहे का बड़ा कटर और एक लोहे की प्लास बरामद की। इनकी अनुमानित कीमत ₹63 हजार बताई गई है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, कीमत करीब ₹1.40 लाख, भी जब्त की गईं। पुलिस के मुताबिक कुल ₹2.03 लाख का मशरूका बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी
देवलाल , उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम बंधा, थाना धूमा, जिला सिवनी।
सेवकराम यहके, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बंधा, थाना धूमा, जिला सिवनी।
मुकेश यहके, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बंधा, थाना धूमा, जिला सिवनी।
सुखराम यहके, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बंधा, थाना धूमा, जिला सिवनी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में झोतेश्वर चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुमित तिवारी, सहायक उप निरीक्षक सुरेश धुर्वे, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र, आरक्षक शिवराज और आरक्षक गौरीशंकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।








